रुड़की। पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर शहर से लेकर देहात तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 15 लोगों का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया गया है। वहीं एलआइयू ने एक वाहन भी पकड़ा है, जिस पर मेडिकल सप्लाई का पास लगाकर प्लाई बोर्ड ले जाया रहा था। वाहन को पुलिस के हवाले किया गया है।
सोमवार को प्रदेश में लॉकडाउन का 15वां दिन रहा। तमाम कार्रवाई के बावजूद लोग हर रोज लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। हालांकि पुलिस की सख्ती के चलते मामलों में कुछ कमी जरूर आई है। सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने सोमवार को नौ लोगों को गिरफ्तार किया। दुकान खोलने पर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि, लॉकडाउन में बेवजह घूमने और जमघट लगाने वाले सात अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार सात लोगों पर 81 पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई। वहीं भगवानपुर पुलिस ने भी लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जा रहा है। वहीं पुरानी तहसील चौक पर एलआइयू की टीम ने एक वाहन पकड़ा, जिस पर मेडिकल सामान की सप्लाई का पास लगा था। जबकि, वाहन में प्लाई बोर्ड लदी थी। वाहन को पुलिस के हवाले किया गया है।